गज पर आएंगी मां दुर्गा, बनेगा लक्ष्मी बरसाने वाला योग


गजेंद्र शर्मा
ज्योतिषाचार्य

.
.
गज पर आएंगी मां दुर्गा, बनेगा लक्ष्मी बरसाने वाला योग

चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से चैत्र वासंतिक नवरात्रि प्रारंभ होती है। यह नवरात्रि 30 मार्च 2025 रविवार से प्रारंभ हो रही है। रविवार से प्रारंभ होने के कारण इस बार देवी दुर्गा के आगमन का वाहन गज अर्थात् हाथी होगा। हाथी पर देवी दुर्गा के आने का अर्थ है कि यह धन और लक्ष्मी बरसाने वाला योग बन रहा है। इस योग में देवी का पूजन करना अत्यंत लक्ष्मीप्रदायक होगा। इस दिन सर्व ऐश्वर्य प्रदान करने वाला ऐंद्र योग भी रहेगा। इस कारण यह दिन अत्यंत ही श्रेष्ठ बन गया है।

कैसे तय होता है देवी का वाहन
शास्त्रों के अनुसार जिस दिन नवरात्रि प्रारंभ होती है उस दिन से देवी के आगमन का वाहन तय होता है। इसी प्रकार जिस दिन नवरात्रि पूर्ण होती है अर्थात् नवमी के दिन जो वार होता है उसके अनुसार देवी के जाने का वाहन तय होता है। इस संबंध में देवी भागवत पुराण में एक श्लोक दिया हुआ है-

शशि सूर्य गजारूढ़ा, शनिभौमै तुरंगमे।
गुरौशुक्रेच दोलायां, बुधे नौकाप्रकीर्तिता।।

श्लोक के अनुसार रविवार और सोमवार का वाहन गज, शनिवार और मंगलवार का वाहन घोड़ा, गुरुवार और शुक्रवार का डोली और बुधवार का वाहन नौका होता है। इस बार नवरात्रि का प्रारंभ रविवार को हो रहा है इसलिए देवी के आने का वाह गज रहेगा।

गज पर आने का अर्थ
देवी की सवारी ‘गज’ को लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है। महालक्ष्मी के सभी स्वरूपों में गजलक्ष्मी को सर्वाधिक महत्वपूर्ण और सुख-समृद्धि, धन में वृद्धि करने वाला कहा गया है। गज पर दुर्गा का आना चारों ओर समृद्धि आने का सूचक है। इसलिए साधक और देवी भक्त यदि इस नवरात्रि में पूर्ण सात्विकता का पालन करते हुए देवी दुर्गा के साथ मां लक्ष्मी का पूजन करेंगे तो उनका घर सुख-समृद्धि से भर जाएगा। अभाव में जीवन व्यतीत कर रहे लोगों के लिए यह स्वर्णिम अवसर है जब वे देवी को प्रसन्न करके अपनी अलक्ष्मी को दूर कर सकते हैं।

महालक्ष्मी योग में करें गजलक्ष्मी को प्रसन्न
इस बार वासंतिक नवरात्रि में तृतीया तिथि का क्षय होने के कारण नवरात्रि आठ दिन की ही रहेगी। ये आठों दिन विशिष्ट और अष्ट लक्ष्मी को प्रसन्न करने वाले रहेंगे। आठों दिन मां लक्ष्मी का पूजन करके मखाने की खीर का नैवेद्य लगाएं और श्रीसूक्त का पाठ करें। इस नवरात्रि में स्फटिक या पारद का श्रीयंत्र स्थापित करें और उसका नित्य पूजन करें।

नवरात्रि के आठ दिन
30 मार्च- प्रतिपदा, घट स्थापना, शैलपुत्री पूजन
31 मार्च- द्वितीया, मत्स्य जयंती, गणगौर तृतीया, ब्रह्मचारिणी और चंद्रघंटा पूजन
1 अप्रैल- चतुर्थी, विनायक चतुर्थी, कुष्मांडा पूजन
2 अप्रैल- पंचमी, लक्ष्मी पंचमी व्रत, स्कंदमाता पूजन
3 अप्रैल- षष्ठी, स्कंद षष्ठी, यमुना जयंती, कात्यायनी पूजन
4 अप्रैल- सप्तमी, कालरात्रि पूजन
5 अप्रैल- अष्टमी, दुर्गाष्टमी, अशोकाष्टमी, महागौरी पूजन
6 अप्रैल- नवमी, रामनवमी, नवरात्रि पूर्ण, सिद्धिदात्री पूजन

ऐश्वर्यशाली ऐंद्र योग भी इसी दिन
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन सर्व ऐश्वर्य प्रदान करने वाला ऐंद्र योग भी रहेगा। यह योग सूर्योदय से लेकर सायं 5:53 बजे तक रहेगा। पूरे दिन ऐंद्र योग रहने के कारण इस दिन ऐश्वर्य योग बना है, जिसमें देवी का पूजन करने से इंद्र के समान ऐश्वर्यों की प्राप्ति होगी। सुख-सम्मान, पद, प्रेम और आकर्षण की प्राप्ति होगी।

30 मार्च के घट स्थापना के मुहूर्त
चर : प्रात: 7:55 से 9:27 तक
लाभ : प्रात: 9:27 से 10:59 तक
अमृत : प्रात: 10:59 से दोप 12:31 तक
अभिजित : दोप 12:07 से 12:56 तक
शुभ : दोपहर 2:03 से 3:36 तक
—————-

विशेष :
ऑनलाइन कुंडली दिखाने के लिए हमसे संपर्क करें। वाट्सएप नंबर 9516141614 पर अपनी जानकारी भेजें-
नाम :
जन्म तारीख :
जन्म समय :
जन्म स्थान :
पांच प्रश्न :
कुडली देखने का शुल्क 500 रुपये। पेमेंट ऑनलाइन भेजकर उसका स्क्रीन शॉट वाट्सएप करें।